कानपुर देहात के एक गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवती ने आत्मरक्षा में मनचले की जीभ ही काट डाली। जीभ दो टुकड़ों में बंट गई और खून का फव्वारा छूट पड़ा।
बिल्हौर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव की यह घटना सोमवार दोपहर की है। यहां की 20 साल की एक युवती ने जीभ काटी अपने पूर्व आशिक की, जो शादीशुदा होने के बावजूद उसे परेशान कर रहा था। युवक का नाम चंपी है, उम्र 35 साल। उसके घर में पत्नी और तीन बच्चे हैं, लेकिन वह इस लड़की से काफी समय से अफेयर चला रहा था।
युवती ने जीभ काटी: आखिर हुआ क्या था?
लड़की की शादी 20 दिसंबर को तय हो चुकी है। बारात आने वाली है, इसलिए उसने चंपी से दूरी बना ली थी। चंपी इससे बुरी तरह परेशान चल रहा था। सोमवार को लड़की तालाब किनारे चूल्हा बनाने के लिए चिकनी मिट्टी लेने गई थी। अकेला देखकर चंपी भी वहां जा पहुंचा।
ग्रामीणों और पुलिस के मुताबिक, चंपी ने पहले तो बातें शुरू कीं, फिर युवती को पकड़ लिया। वह जोर-जबरदस्ती करने लगा और जबरन किस करने की कोशिश की। युवती ने छुड़ाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। खींचतान में चंपी की जीभ युवती के मुंह के पास आ गई। बस फिर क्या था, गुस्से और डर से युवती ने दांतों से पूरी ताकत से काट लिया।
जीभ का एक हिस्सा पूरी तरह कटकर जमीन पर गिर गया। चंपी दर्द से चीखता हुआ लहूलुहान होकर वहीं ढेर हो गया।
ग्रामीणों ने देखा तो मचा हड़कंप
तालाब के पास से गुजर रहे कुछ लोग ये सब देखते रह गए। उन्होंने फौरन चंपी के घरवालों को खबर की। परिजन दौड़े आए, कटी हुई जीभ का टुकड़ा उठाया और चंपी को लेकर पहले बिल्हौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन खून ज्यादा बह चुका था और हालत गंभीर थी। इसलिए उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि जीभ दो हिस्सों में हो गई है, अब सर्जरी के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
युवती की मां का बयान, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
युवती की मां ने बताया कि उनकी बेटी मिट्टी लेने गई थी। अचानक गांव का ही चंपी पीछे से आया और पकड़ लिया। छेड़खानी शुरू कर दी। किसी तरह बेटी तसला छोड़कर भागी, लेकिन उसने नहीं छोड़ा।
बिल्हौर थानाध्यक्ष अशोक कुमार सरोज ने बताया कि दोनों के बीच पहले अफेयर था, लेकिन शादी तय होने के बाद लड़की ने संपर्क तोड़ दिया था। चंपी परेशान था, इसलिए पीछे पड़ा था। युवती की शिकायत पर छेड़छाड़ और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। डीसीपी पश्चिमी दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है, आरोपी के ठीक होने के बाद गिरफ्तारी होगी।
अभी पढ़े- यूपी होमगार्ड भर्ती 2025: 41 हजार से ज्यादा पदों पर नौकरी का मौका, आज से शुरू आवेदन
पुलिस अब गांव में दोनों पक्षों के बयान ले रही है। फिलहाल चंपी अस्पताल में भर्ती है और उसकी जीभ जोड़ने की कोशिश की जा रही है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
