गोरखपुर: बोहाबार पुल के पास जामुन के पेड़ से लटका मिला शव, देवरिया के बनियापार गांव का निकला युवक राहुल यादव

गोरखपुर जिले के चौरी चौरा तहसील के ब्रह्मपुर ब्लॉक स्थित बोहाबार ग्राम सभा में शनिवार सुबह एक जामुन के पेड़ से लटका अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गोबरौड़ चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से नीचे उतारा।

तलाशी के दौरान शव की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे मृतक की पहचान देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र के बनियापर गांव निवासी 25 वर्षीय राहुल यादव पुत्र नवनाथ यादव के रूप में हुई। राहुल शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे घर से निकले थे और उसके बाद वापस नहीं लौटे थे। परिवार वाले पूरे दिन उसकी तलाश में जुटे रहे थे।

शव गोरखपुर पहुंचा कैसे, जांच में जुटी पुलिस

झगहा थाना पुलिस ने नवनाथ यादव को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही नवनाथ यादव मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का सटीक कारण और परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हुई हैं। कोई सुसाइड नोट या अन्य सबूत भी सामने नहीं आया है।

राहुल नवनाथ यादव के तीन बेटों में सबसे छोटा था। परिवार वाले अभी सदमे में हैं और मौत के पीछे के कारणों को लेकर परेशान हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक शुक्रवार को घर से निकलने के बाद गोरखपुर जिले के गोर्रा नदी किनारे बोहाबार पुल के पास कैसे पहुंचा।

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच

झगहा थाना पुलिस ने शव की तलाशी पूरी कर ली है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। एकौना थाना पुलिस के साथ समन्वय बनाकर जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और अन्य जानकारियां सामने आएंगी।

इस घटना ने दोनों जिलों के ग्रामीण इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। परिजनों और ग्रामीणों की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Comment