दोस्त की साजिश ने ली दोस्त की जान, यह घटना उत्तर प्रदेश के देवरिया ज़िलें की है। यहां जनपद के भाटपाररानी क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बर्थडे पार्टी में शामिल होने गया 20 वर्षीय मनु यादव की लाश गांव से सात किलोमीटर दूर एक पोखरे के पास से बरामद हुई है। शव के पास शराब की बोतलें और प्लास्टिक के ग्लास मिलने से इस मामले में दोस्त की साजिश के सुराग मिल रहे हैं। पुलिस ने युवक के दोस्त अश्वनी गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।
क्या है दोस्त की साजिश का यह पूरा मामला?
मामला बरईपार गांव का है। कोठीलवा गांव निवासी 20 वर्षीय मनु यादव सोमवार शाम अपने दोस्त अश्वनी गुप्ता के साथ एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। अश्वनी ने ही मनु को लेने उसके घर आकर बाइक में पेट्रोल भरवाया और दोनों साथ निकले। रात गुजरती गई, लेकिन मनु घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसका मोबाइल फोन कई बार लगाया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो वे चिंतित हो उठे। परिजनों और पड़ोसियों ने रातभर मनु को ढूंढने की कोशिश की, मगर सफलता नहीं मिली।
सुबह हुई भयानक खोज
मंगलवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण गांव के पास स्थित पोखरे की ओर गए तो उनकी नजर एक लाश पर पड़ी। खून से लथपथ शव को देखते ही सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मनु के रूप में की। मौके से अश्वनी की चप्पल बरामद हुई है, जिसके बाद उस पर शक की सुई घूम गई है।
हत्या की वजह क्या है? लड़की से बातचीत को लेकर झगड़ा
ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि इस हत्या के पीछे एक लड़की से जुड़ा विवाद है। बताया जा रहा है कि मनु की उसी लड़की से काफी समय से बातचीत चल रही थी। कुछ दिन पहले दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और बातचीत बंद हो गई। इसके बाद मनु के दोस्त अश्वनी ने उसी लड़की से बात करना शुरू कर दिया। इस बात को लेकर मनु और अश्वनी के बीच पहले भी विवाद हुआ था, जिसे ग्रामीणों ने सुलझा दिया था। दोनों दोबारा सामान्य हो गए थे, लेकिन लगता है कि अश्वनी के मन में द्वेष बना रहा।
पुलिस की कार्रवाई और जांच के अहम सुराग
मनु की बहन की तहरीर पर भाटपाररानी थाने में अश्वनी गुप्ता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम ने मिट्टी, खून और कपड़ों के नमूने एकत्र किए हैं।
- घावों की प्रकृति: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, मनु के गले और पेट में धारदार हथियार से गहरे घाव हैं। शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
- सामान बरामद: घटनास्थल से शराब की खाली बोतलें, प्लास्टिक के ग्लास और प्लेट्स मिली हैं, जो इस ओर इशारा करती हैं कि पार्टी के बाद या दौरान ही हमला हुआ होगा।
- आरोपी फरार: मुख्य आरोपी अश्वनी गुप्ता घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें छापेमारी कर रही हैं।
परिवार में कोहराम, पिता दुबई में करते हैं नौकरी
मृतक मनु यादव के पिता उमेश यादव दुबई में नौकरी करते हैं। घर में मां सरिता देवी, छोटी बहन काजू रहती हैं। बड़ी बहन ज्योति की शादी हो चुकी है। मनु ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। परिवार पर इस अकाल मौत ने गहरा सदमा ला दिया है।
यह भी पढ़े: देवरिया में इंटर की छात्रा मनीषा का मिला गली में शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
फिलहाल, पुलिस की पूरी ताकत आरोपी अश्वनी गुप्ता को पकड़ने पर केंद्रित है। इस मामले में अब तक जो सबूत और गवाही सामने आई है, वह आरोपी की ओर ही इशारा करती है। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने पुष्टि की है कि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी और पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है। इस हत्या कांड की हर लिहाज से जांच की जा रही है।