देवरिया: मिश्रौली कुर्मी टोला में युवक का शव मिला, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या की आशंका
देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली कुर्मी टोला में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कुसौंधा गांव निवासी 24 वर्षीय अमन महतो पुत्र पारस महतो के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे गांव के नंदकिशोर यादव के घर के पीछे कुछ महिलाएं लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान उन्होंने जमीन पर मुंह के बल पड़े एक युवक को देखा। पास जाकर देखने पर युवक की हालत संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। महिलाओं की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त अमन महतो के रूप में की। अमन विवाहित था और अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा था।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शव पर फिलहाल किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सबूतों की भी तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों में हत्या की आशंका जताई जा रही है, जबकि पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही सही तथ्य सामने आएंगे।
