देवरिया: रुद्रपुर के रामजी सहाय पीजी कॉलेज में रोजगार मेला, 311 अभ्यर्थियों में से 50 को मिला जॉब ऑफर, चेहरे खिल उठे

रुद्रपुर, देवरिया। स्थानीय रामजी सहाय पीजी कॉलेज के प्रांगण में बुधवार को जिला सेवायोजन कार्यालय देवरिया और राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड देवरिया के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेला आयोजित किया गया। मेले में एलआईसी इंडिया बीमा शक्ति, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, सत्या माइक्रो कैपिटल, टाटा कैपिटल, सिद्धार्थ बजाज देवरिया और पेरिग्राइन सिक्योरिटी सर्विसेज जैसी कंपनियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

मेले में कुल 311 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। शैक्षिक योग्यता, साक्षात्कार और अनुभव के आधार पर लगभग 50 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा जॉब ऑफर दिया गया। ऑफर मिलते ही प्रारंभिक रूप से चयनित छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। कई युवाओं ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कॉलेज परिसर में ही जॉब मिल जाना उनके लिए बड़ी राहत और प्रोत्साहन की बात है।

प्राचार्य का बयान

प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार पांडे ने मेले के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहला अवसर है जब हमारे नॉन-टेक्निकल महाविद्यालय में इस तरह का रोजगार मेला आयोजित किया गया है। उन्होंने इसे महाविद्यालय के लिए गौरव की बात बताया और कहा कि अक्सर ऐसे आयोजन केवल तकनीकी संस्थानों तक ही सीमित रहते हैं।

उपस्थित प्रमुख अधिकारी

इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी रोहन अपूर्व सिन्हा, राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड के प्रबंधक (टेक्नोलॉजी) कुमार रोहित, विभिन्न कंपनियों के अधिकारी और महाविद्यालय के प्राध्यापकगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

मेला संयोजक धीरज कुमार और सह-संयोजक डॉ. अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों और अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment