रुद्रपुर, देवरिया। फतेहपुर क्षेत्र के अभयपुर टोला में सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने तीन परिवारों की झोपड़ियों को पूरी तरह तबाह कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते-ही-देखते विकराल रूप ले लिया।
आग की चपेट में सबसे पहले सुखबीर राजभर की अल्बेस्टर झोपड़ी आई, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई। पास में स्थित रमेश और रामायण की झोपड़ियां भी आग की लपटों से नहीं बच सकीं और वे भी खाक हो गईं।
झोपड़ियों में रखा गेहूं, चावल, आटा सहित अन्य घरेलू सामान के साथ करीब 20 हजार रुपये नकद भी आग में जलकर नष्ट हो गया। अचानक लगी आग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सुखबीर राजभर के घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं। लगभग सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए थे, लेकिन इस आगजनी ने खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार इस वक्त गहरे सदमे में है।
सूचना मिलते ही एसडीएम अवधेश निगम मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों का हाल-चाल लिया और नुकसान का जायजा लिया। एसडीएम ने तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की और सरकारी योजनाओं के तहत और मदद दिलवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान मौके पर कानूनगो दुर्गेश श्रीवास्तव और लेखपाल देवेंद्र त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
