रुद्रपुर, देवरिया। एकौना थाना क्षेत्र के पचलड़ी गांव के समीप अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आग इतनी तेज थी कि तेज हवाओं के कारण ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बावजूद उस पर काबू नहीं पाया जा सका।
देवरिया: सूचना के बावजूद नहीं जागा प्रशासन, पचलड़ी गांव में आग से किसानों की गेहूं की फसल राख — SDM पर लापरवाही के आरोप
इस आगजनी में पचलड़ी गांव के किसान छोटे सिंह और गुड्डू सिंह की गेहूं की पूरी फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि आग देखते ही उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और प्रशासन को सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंची।
SDM पर लापरवाही का आरोप
घटना के दौरान प्रशासनिक लापरवाही भी सामने आई। भाजपा नेता डीके यादव ने तत्काल रुद्रपुर के एसडीएम का सीयूजी नंबर डायल कर कई बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने व्हाट्सएप पर वीडियो भेजकर स्थिति से अवगत कराने की कोशिश की, फिर भी कोई जवाब नहीं मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच जाती और प्रशासन सक्रिय होता तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।
इस घटना को लेकर पचलड़ी गांव और आसपास के किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद प्रशासन की अनदेखी से उनकी मेहनत की रोटी जल गई।
पचलड़ी गांव की यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में आग की घटनाओं पर प्रशासन की तैयारियों और त्वरित प्रतिक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है।
अभी तक एसडीएम रुद्रपुर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है, इस पर किसानों की नजरें टिकी हुई हैं।
