देवरिया में दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला: दोनो पक्षों में एक माह से चल रहा था विवाद

देवरिया (उत्तर प्रदेश), 26 अक्तूबर: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र के विशुनपुर बगही गांव के रहने वाले दो सगे भाइयों पर कुछ लोगों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। अब तक मिली सूचना के अनुसार पीड़ित का रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज चल रहा है।

दोआबा में पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनखराबे का सबब बन गई। एकौना थाना क्षेत्र के पचलड़ी चौराहे पर रविवार की दोपहर सामने आई यह खूनी दास्तां दो भाइयों के जख्मी होने के साथ दर्ज हुई। आरोप है कि यहाँ बाल कटवाने पहुँचे दो सगे भाइयों पर अचानक मोटरसाइकिल सवार कुछ युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। आज हुए हमला की जड़ दुर्गा पूजा के दिन हुए एक विवाद को बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार बिशुनपुर बगही निवासी अमरजीत सिंह के दोनों बेटे राज कुमार सिंह (22) और रघुराज सिंह (20) पचलड़ी डीह स्थित चौराहे पर बाल कटवाने के लिए निकले थे। आरोप है कि, दोनों भाई चौराहे पर पहुँचे ही थे कि अचानक कुछ युवकों ने उन्हें घेर कर पीटना शुरू कर दिया। तभी एक युवक ने धारदार हथियार निकाला और दोनों भाइयों पर बेरहमी से वार कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, दुर्गा पूजा के मौके पर घायल राज कुमार सिंह और गाँव के ही एक अन्य शख्स के बीच कहासुनी हुई थी। इस विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के वाहन को नुकसान पहुँचा दिया था। हालाँकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही एकौना पुलिस मौके पर पहुँची और घटना की तहकीकात शुरू की। थानाध्यक्ष एकौना, अजय कुमार पांडेय ने इस मामले में पुष्टि करते हुए कहा, “विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची थी। फिलहाल हमें घटना की लिखित तहरीर नहीं मिली है। मामले की गहन जाँच की जा रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।”

ख़बर अपडेट हो रही है…..

Leave a Comment